धार्मिक गतिविधियां करने का बनाता था दबाव
परिजनों को पुत्री की गतिविधियों को लेकर शक तो गहराया लेकिन उन्होंने नजरअंदाज किया। मामले का खुलासा होने पर परिजनों ने भी पुलिस को सारी बातें बताई। यह भी सामने आया कि चार दिन तक आरोपी ने उसे पूरनपुर के जिस कमरे में बंधक बनाया था। वहां भी आरोपी धार्मिक गतिविधियों का दबाव बनाता रहा। शारीरिक शोषण भी किया गया। दिन भर ताले में बंद करने के बाद आरोपी रात को ही कमरे पर पहुंचता था। खाने के नाम पर उसको केवल नमकीन बिस्किट दिए जाते थे।
घटना को लेकर जुटाई जा रहीं अन्य जानकारियां
पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने अब आरोपी शिक्षक के बारे में गहनता से छानबीन करना शुरू कर दी है। युवती के बयानों के आधार पर पुलिस मामले को धर्मांतरण से जोड़कर आरोपी की कुंडली खंगाल रही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं आरोपी ने अन्य युवतियों को भी अपने चंगुल में नहीं फंसाया है। पुलिस आरोपी के मोबाइल आदि से जांच को आगे बढ़ा रही है।
12 वीं के बाद बरेली जाने पर भी आरोपी ने नहीं छोड़ा छात्रा का पीछा
बातों में आकर छात्रा भी उसकी ओर आकर्षित हो गई थी। दोनों के बीच मुलाकातें भी होती रहीं। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद युवती ब्यूटी पार्लर का कोर्स करने के लिए बरेली चली गई। जहां आरोपी उससे मिलने जाता रहा। इंस्पेक्टर अशोक पाल सिंह का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नमाज पढ़ना शुरू कर दिया था युवती ने
माधोटांडा। पुलिस की जांच में सामने आया कि शिक्षक ने मानसिक रूप से अपनी छात्रा को प्रभावित किया। स्कूल अलग होने के बाद मेसेज के जरिये बातचीत बढ़ाई। बातों में फंसाकर दिलनवाज ने न सिर्फ उसका यौन शोषण शुरू कर दिया था, बल्कि युवती ने उसके धर्म की गतिविधियों का पालन शुरू कर दिया था। वह रोज नमाज पढ़ती थी।
दो पुत्रियों का पिता है आरोपी खंगाली जा रही कुंडली
आरोपी सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र का रहने वाला है। मगर कई वर्षों से पूरनपुर में रहता है। उसके दो बच्चे भी हैं। दोनों पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री 13 साल की है। 16 दिसंबर को युवती को ले जाकर आरोपी ने पूरनपुर कस्बे के ही एक कमरे में रखा था। खुलासा होने के बाद पुलिस घटना को गिरोह से जोड़कर भी जांच को आगे बढ़ा रही है। अन्य युवतियों के शोषण की बात को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।
पूरनपुर के सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि शिक्षक दिलनवाज के विरुद्ध धर्मांतरण, यौन शोषण, फुसलाकर युवती को ले जाने और बंधक बनाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। बयानों के अलावा उसके विरुद्ध साक्ष्य भी इकट्ठे किए जा रहे हैं, ताकि सख्त सजा हो सके।