फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: वकीलों ने एसडीओ कार्यालय में कैशियर को पीटा, अभिलेख फाड़ने-रुपये लूटने का आरोप

Tue, 23 Dec 2025 11:50 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत के पूरनपुर में कनेक्शन काटे जाने के विवाद में मंगलवार को वकील और बिजली कर्मी आमने सामने आ गए। एसडीओ कार्यालय पहुंचे वकीलों से विवाद के बाद बिजली कर्मियों ने नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। कैशियर ने वकीलों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। 
विज्ञापन
पूरनपुर कोतवाली में हंगामा कर रहे वकीलों को समझाते सीओ- स्रोत : जागरूक पाठक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत के पूरनपुर में बकाया होने पर बिजली कनेक्शन कटने से नाराज वकीलों ने एसडीओ कार्यालय में हंगामा किया। एसडीओ के न मिलने पर कैश रूम में घुसकर कैशियर की पिटाई कर दी। गुस्साए बिजली कर्मियों ने नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। एसडीओ ने गुस्साए कर्मचारियों को समझाकर शाम चार बजे आपूर्ति सुचारू करा दी। कैशियर ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, 139189 रुपये लूट लेने, साथी कर्मचारियों को जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां देने और धमकाने आदि का आरोप लगाया। 
विज्ञापन


वकील संजय पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में एसडीओ पर उनको और उनके साथी वकील को देखते ही अभद्रता करने, साथी वकील को जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां देने का आरोप लगाया। घटना के विरोध में दोनों पक्ष के लोग कोतवाली में एकत्र हुए। वकीलों के हंगामा करने पर सीओ ने समझाकर शांत किया। दोनों पक्षों की एसडीएम के कार्यालय में घंटों पंचायत चली लेकिन विवाद नहीं निपट सका। 

घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में एसडीओ कार्यालय पहुंचे वकीलों ने हंगामा किया। कैशियर शिवांशु मिश्रा का आरोप है कि एसडीओ के कार्यालय में न मिलने पर आक्रोशित वकीलों ने उनके कक्ष में घुसकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गालीगलौज की। कारण पूछने पर उसकी पिटाई की। साथी कर्मचारियों को जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां दीं। अभिलेख फाड़ डाले, कई अभिलेख तलाशने पर भी नहीं मिले। आरोप है कि 1,39,189 रुपये लूट ले गए। जान से मारने की धमकी दी गई। 
विज्ञापन


वकीलों ने लगाया ये आरोप 
उधर, प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि साथी जैतराम पासवान के साथ सरकारी योजना का लाभ लेने सहित अन्य समस्या पर एसडीओ कार्यालय गए थे। एसडीओ ने उनको और उनके साथी को देखते ही अभद्रता और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां देनी शुरू कर दीं। आवाज देकर पांच-छह गुंडों को बुला लिया। उनसे और साथी से धक्का मुक्की की। गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। बमुश्किल भाग कर जान बचाई। 

 

घटना के विरोध में दोनों पक्षों के लोग कोतवाली में एकत्र हुए। वकीलों ने कोतवाली में हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे सीओ प्रतीक दहिया ने हंगामा कर रहे वकीलों को जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद दोनों पक्षों की पहले कोतवाली में बाद में एसडीएम के कार्यालय में घंटों पंचायत होती रही। कैशियर पक्ष समझौता न करने पर अड़ा रहा। शाम साढ़े चार बजे तक एसडीएम, सीओ की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश चलती रही।

अधिकतर कर्मचारी कार्यालय से खिसके
पूरनपुर। एसडीओ कार्यालय में हुई मारपीट पर कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। अधिकतर कर्मचारी एसडीओ और अधिशासी अभियंता कार्यालय से खिसक गए। बाद मेंं एकत्र हुए कर्मचारियों ने घटना पर रोष व्यक्त किया। साथ ही कैशियर के साथ कोतवाली पंहुचे। 

साढ़े तीन घंटे ठप रही 18 हजार उपभोक्ताओं की बिजली
कैशियर से मारपीट की घटना के बाद मंगलवार दोपहर 12:15 बजे पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। कार्यालय में बिल जमा होने सहित अन्य कार्य बंद कर दिए। ओटीएस का लाभ लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को बैरंग होना पड़ा। ठप बिजली आपूर्ति को शाम करीब चार बजे सुचारू हुई।
विज्ञापन

प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि साढ़े पांच हजार रुपये की बकाया पर उनके किराएदार का कनेक्शन सोमवार को काट दिया गया था। सोमवार शाम को दो हजार रुपये जमा करने पर काटा गया कनेक्शन जोड़ दिया गया। मंगलवार को सारी बकाया जमा करा दी गई। बड़े बकायेदारों के कनेक्शन न कटने और कम बकाया पर कनेक्शन काटने के संबंध में एसडीओ से मोबाइल पर जानकारी ली। जब जूते मारने की बात कही गई, तो वह साथियों के साथ एसडीओ कार्यालय पहुंचे थे। उनके पक्ष की ओर से कोई मारपीट नहीं की गई है।

एसडीओ बिजली मोहित गुप्ता ने कहा कि सोमवार रात को संजय पांडेय ने मोबाइल पर फोन कर कनेक्शन कटने की बात की। तब उनसे बकाया की जानकारी की गई। संजय पांडेय कनेक्शन काटने वाले कर्मचारी का नाम पूछ रहे थे। उनको बताया गया कि सोमवार को साठ कनेक्शन काटे गए हैं। संजय पांडेय ने कनेक्शन काटने वाले कर्मचारी को जूते मारने की बात कही। उनको गलत बात न करने को कहा गया। मंगलवार को वह अपने कार्यालय में नहीं थे। वकील संजय पांडेय ने कार्यालय पहुंचकर कैशियर और कुछ अन्य कर्मचारियों की पिटाई की है। तहरीर कैशियर की ओर से पुलिस को दी गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें