पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा किराये पर दिया गया ट्रैक्टर वापस मांगने पर विवाद हो गया। ट्रैक्टर न लौटाने पर जब मालिक ने विरोध किया तो उसे धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर गजरौला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम पिपरिया भजा निवासी मंगली प्रसाद पुत्र बिहारी लाल ने कोर्ट के आदेश पर गजरौला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वर्ष 2020 में उन्होंने एक ट्रैक्टर फाइनेंस पर लिया था, जिसकी तिमाही किस्त 33,910 रुपये जमा करनी होती थी। दो वर्षों बाद आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते उन्होंने ट्रैक्टर ग्राम अज्ञारी निवासी कालीचरन को 10 हजार रुपये मासिक किराए पर दे दिया।
आरोप है कि कालीचरन ने किरायेनामे के नाम पर कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए और बाद में ट्रैक्टर लौटाने से इनकार कर दिया। कुछ समय बाद उसे जानकारी मिली कि कालीचरन ने उसी ट्रैक्टर से किसी युवक का एक्सीडेंट कर दिया है, जिससे पुलिस उसे परेशान कर रही है। थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।