बीसलपुर (पीलीभीत)। बरेली के एक ग्रामीण ने सोमवार को यहां कोतवाली में तहरीर देकर एक महात्मा और उसकी विवाहित पुत्री पर जबरन विवाह करने के मकसद से उसके पुत्र को गायब करने का आरोप लगाया है।
बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के गांव बेनीपुर चौधरी निवासी सुरेश नाथ ने बताया कि उनका पुत्र अजय शंकर 18 जून को बीसलपुर स्थित अपनी रिश्तेदारी में आया था। बीसलपुर के एक मोहल्ले में रहने वाले एक महात्मा और उनकी विवाहित पुत्री उसके पुत्र अजय शंकर का विवाह अपने घर की एक युवती से जबरन करना चाहते हैं।
उन लोगों ने इसी मकसद से उनके पुत्र को गायब कर दिया। सुरेश नाथ ने उन लोगों से अपने पुत्र के बारे में काफी पूछा, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। पत्र में दोनों लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है। कोतवाल अशोक पाल ने ऐसी किसी तहरीर मिलने से इन्कार किया है।