जहानाबाद। रुपये दोगुना करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने थाना जहानाबाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बगवा निवासी फूलचंद ने बताया कि ग्राम नवादा कंजा निवासी एक व्यक्ति से उसकी जान पहचान थी। आरोपी का उसके घर आना जाना था। आरोप है कि पूर्व में उसने रुपये दोगुना करने का उसे लालच दिया। पहले आरोपी ने पूजा के नाम पर 20 हजार रुपये लिए। इसके कुछ दिन बाद आरोपी दो अन्य लोगों को लेकर उसके घर पहुंचा और फिर रुपये दोगुना करने का झांसा देकर दो लाख 30 हजार रुपये और ले लिए।
आरोपी ने दो शीशों को टेप से बंद कर कहा कि इन्हें 24 घंटे तक मत खोलना, दो दिन बाद वह खुद आकर इन्हें खोलेगा और रुपये दोगुना हो जाएंगे। पीड़ित के अनुसार तय समय पर जब आरोपी के सामने उसने शीशा खोला तो ढाई लाख रुपये की जगह रंगीन कागज निकले। यह देख उसके होश उड़ गए और उसे ठगी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि शिकायतीपत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है।