पीड़ित के पति को लालच देकर कराया धर्मांतरण
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसके पति को दो लाख रुपये देने और मकान बनवाने का लालच देकर जबरन धर्मांतरण करा चुके हैं। आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी आरोपियों की ओर से कुछ भी नहीं दिया गया। आरोपियों ने बच्चों के साथ उसपर धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया, लेकिन वह किसी भी कीमत पर अपना धर्म नहीं छोड़ना चाहती है। पति को दोबारा सिख धर्म में वापस लाना चाहती है। इन बातों का दर्ज रिपोर्ट में जिक्र किया गया है।
धर्म स्वीकार न करने पर घर गिराया
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों के दबाव डालने के बाद भी उसने धर्म परिवर्तन नहीं किया। इसपर आरोपियों ने गांव में स्थित उसका घर गिरवा दिया। इसके बाद गांव से निकालने की धमकी दी जाने लगी। आरोपियों की दहशत के चलते पीड़ित परिवार खेत में बने घर पर रहने पर मजबूर है।
पुलिस-प्रशासन धर्मांतरण न होने का करता रहा दावा
हजारा क्षेत्र में जबरन धर्मांतरण कराने का मामला पूर्व से ही सामने आता रहा है। क्षेत्रीय लोग खुलकर इसके विरोध में भी उतरे थे। पूर्व में सिख समुदाय की ओर से मामले में शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस-प्रशासनिक अफसर धर्मांतरण न होने का दावा करते रहे। एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सच्चाई सामने आई। अब क्षेत्रीय लोग खुलकर धर्मांतरण की कलई खोलने को तैयार हैं। कई गंभीर आरोप भी लगाए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं।