माधोटांडा कस्बे के निकट खारजा नहर पुल मार्ग पर पलटा सेना का वाहन। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। चंपावत से लखनऊ जा रहे सेना के काफिले में शामिल एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। ट्रक में सामान के अलावा असलहे भी लदे थे। जानकारी होते ही आगे चल रहे वाहनों को रोककर जवान विभाग की एंबुलेंस से ही घायलों को माधोटांडा सीएचसी ले गए। प्रारंभिक उपचार कराने के बाद घायलों को साथ लेकर काफिला रवाना हो गया।
सेना के राजपूत रेजीमेंट की बटालियन बृहस्पतिवार को मेजर पवन गुप्ता के नेतृत्व में चंपावत से लखनऊ के लिए रवाना हुई। काफिले में छह ट्रक शामिल थे। एक ट्रक में सामान और असलहा लदे थे। सुबह करीब दस बजे वाहन पूरनपुर-खटीमा मार्ग पर माधोटांडा कस्बे के निकट खारजा पुल के पास पहुंचे, अचानक मोड़ पर पीछे चल रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी होते ही आगे चले रहे जवान सतर्क हो गए। मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित निकाला। हादसे में चालक मुकेश के हाथ और परिचालक मनीष के गर्दन में चोटें आईं। काफिले में शामिल एंबुलेंस से ही घायलों को माधोटांडा सीएचसी ले जाया गया। अन्य जवान पलटे वाहन में लदे असलहों को दूसरे वाहन में शिफ्ट करने में जुट गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों की मदद से क्रेन को बुलाकर पलटे वाहन को सीधा कराया गया। वहीं घायलों का प्रारंभिक उपचार होने के बाद काफिला लखनऊ के लिए रवाना हो गया। मेजर पवन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक उपचार कराया गया, लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल में ले जाकर घायल जवानों का उपचार कराया जाएगा। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कस्बे के निकट खारजा मोड़ के पास सेना का वाहन पलट गया था। घायलों को अधिक चोटें नहीं आईं। उपचार के बाद काफिला रवाना हो गया है।