पूरनपुर। सड़क किनारे खड़े कंटेनर को डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर में आई खराबी को सही कर रहे हेल्पर मुरादाबाद निवासी जुनैद की मौत हो गई, जबकि उसका साथी चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
घटना असम हाईवे पर शनिवार सुबह करीब चार बजे की है। मुरादाबाद के गांव इधरपुर नगला निवासी कंटेनर चालक शाने आलम ने बताया कि मुरादाबाद के गांव मंसुलपुर निवासी जावेद एक कंटेनर पर चालक जबकि मुरादाबाद के ही गांव इधनपुर नगला निवासी जुनैद (22) हेल्पर था। उनका कंटेनर बिहार के गुलाबबगा से मक्का भरकर सितारंगज जा रहा था। उसके कंटेनर के पीछे मेरा कंटेनर चल रहा था। असम हाईवे पर रात को जावेद का कंटेनर खराब हो गया। जावेद ने कंटेनर को सड़क पर साइड से खड़ा कर दिया। जावेद और जुनैद कंटेनर में आई खराबी को दूर करने की कोशिश में लगे थे। इस दौरान खुटार की ओर से तेज गति से आई डीसीएम ने जावेद के कंटेनर को टक्कर मार दी। इससे पिछले पहिया के पास बैठकर खराबी सही करने की कोशिश कर रहा जुनैद दब गया। आनन फानन में उसे सीएचसी लाया गया। चिकित्सकों ने इलाज से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा में जावेद बाल-बाल बच गया। घटना के बाद डीसीएम चालक डीसीएम को मौके पर छोड़कर भाग गया। कोतवाल हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि जुनैद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।