पूरनपुर (पीलीभीत)। असम हाईवे पर गोमती गुरुद्वारे के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है। घायलों की हालत गंभीर है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
पुलिस के अनुसार हादसा रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। आमने-सामने दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े घायलों को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चारों को सीधे सीएचसी लाया गया। वहां दो को चिकित्सकों ने चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया। अन्य दो की हालत गंभीर बनी रही। वह कुछ बोल नहीं पा रहे थे, बेसुध थे। पुलिस ने मोबाइल और जेब में मिले कागजात की मदद से शिनाख्त की। मरने वालों में एक बाइक पर सवार पंकज कॉलोनी निवासी ऋषभ शुक्ला (35) पुत्र वेदप्रकाश और दूसरी बाइक पर सवार सिरसा गांव निवासी नीरज (35) पुत्र रामस्वरुप निकले। घायलों की पहचान मोहल्ला कायस्थान निवासी सुरेश चंद्र सागर और सिरसा गांव निवासी रमेश गंभीर रूप से घायल हुई। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद घायल रमेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल सुनील शर्मा ने बताया कि त्रषभ, सुरेश एक बाइक, जबकि नीरज और रमेश दूसरी बाइक पर थे। फोन पर सूचना देने के बाद परिवार के कुछ सदस्य आए हैं। उन्होंने शिनाख्त कर ली है। मगर अभी परिवार वाले यह नहीं बता सके कि दोनों बाइक सवार कहां से आ रहे थे।