बरखेड़ा। खेत पर फसल की रखवाली करने जा रहे ग्रामीण की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही ट्रैक्टर चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के पचपेड़ा पुखा गांव निवासी सीताराम ने बताया कि उसका छोटा भाई 26 वर्षीय लालाराम पुत्र रामदयाल शुक्रवार रात करीब एक बजे घर से खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली करने के लिए पैदल जा रहा था। रास्ते में गांव का ही पूरनलाल पुत्र सुंदरलाल तेज गति से ट्रैक्टर ट्रॉली चलाकर ला रहा था। इस दौरान लालाराम चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक गांव के ही पूरनलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।