पीलीभीत। चालक को झपकी आने पर बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में वृंदावन से लौट रहे कार सवार शहर के पांच युवक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल भर्ती कराया।
शहर के मोहल्ला फैजुल्ला खां निवासी आकाश सक्सेना के मुताबिक वह 16 फरवरी को वृंदावन गए थे। कार में उनके साथ रेलवे स्टेशन चौराहा निवासी शिवम कश्यप, देशनगर निवासी रोहित, गोपाल और मोहल्ला जोशीटोला निवासी राजेश कुमार भी थे। वृंदावन में दर्शन करने के बाद वे कार से वापस आ रहे थे। कार गोपाल चला रहा था। बृहस्पतिवार तड़के पांच बजे बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी के पास झपकी आने पर अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांचों युवक घायल हो गए। कुछ ही देर में मौके पर राहगीर जमा हो गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। चौकी ललौरीखेड़ा से पुलिसकर्मी पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर शिवम को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को चौकी पर खड़ा करा लिया है। अभी तक की छानबीन में यही सामने आया है कि चालक को झपकी आ गई थी। इस वजह से कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी।