अस्पताल में रोते बिलखते मृतक की पत्नी और बच्चे।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। टनकपुर हाईवे पर बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बैंक अधिकारी की मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। बाइक चलाते वक्त वह हेलमेट लगाए थे।
मूलरूप से कानपुर जिले के थाना रायपुरवा क्षेत्र के अफीम कोठी गांव निवासी 57 वर्षीय उमेश कुमार जैसवार पुत्र सत्यनारायण नकटादाना चौराहा स्थित बड़ौदा पश्चिमी बैंक में सहायक शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह पत्नी रेखा और बेटे मयंक के साथ मोहल्ला सुनगढ़ी में किराये के मकान में रहते थे। बृहस्पतिवार शाम साढ़े छह बजे वह बैंक से काम निपटाकर बाइक से घर जा रहे थे। टनकपुर हाईवे पर गौहनिया चौराहा के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक से गिरते ही उमेश का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। चौराहा पर यातायात पुलिसकर्मी मौजूद थे। कुछ ही देर में सुनगढ़ी पुलिस भी आ गई। आनन फानन में उन्हें प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सूचना मिलने पर परिवार वाले भी आ गए। मृतक उमेश जैसवार इससे पहले गृह जनपद कानपुर में ही कार्यरत थे। 20 नवंबर 2019 को वह स्थानांतरित होकर यहां आए थे। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गौहनिया चौराहा पर हादसे के बाद खड़ा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक- फोटो : PILIBHIT
मृतक उमेश का फाइल फोटो- फोटो : PILIBHIT