अमरिया में हादसे के बाद पलटी पड़ी ट्रैक्टर-ट्राली
- फोटो : PILIBHIT
अमरिया। सितारगंज से अमरिया ईंट लेने आ रहा एक ट्रैक्टर ट्रॉली लौहरगंज गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में चालक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक के शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। मृतक की जेब में मिले मोबाइल से उसकी पहचान कर परिवार वालों को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के सितारगंज थाना क्षेत्र के सड़कड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय धर्मेंद्र कुुुमार पुत्र श्यामलाल ट्रैक्टर चालक था। बुधवार दोपहर 12 बजे ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अमरिया के एक भट्ठे पर ईंट लेने के लिए आ रहा था। अमरिया सितारगंज नेशनल हाईवे पर लौहरगंज गांव के समीप ट्रैक्टर ट्रॉली की रफ्तार तेज होने से वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। चालक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली हटाने के बाद चालक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने परिवार वालों को हादसे की सूचना देकर मृतक का शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। कोतवाली प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर की स्पीड अधिक होने की वजह से हादसा हुआ।