माधोटांडा/पीलीभीत। बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक मौके से भाग गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों शव सड़क पर रखकर करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगाया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस के साथ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद ही पुलिस दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और कार को भी कब्जे में ले लिया है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास निवासी भगवानदास (35) अपने साले पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव चाट फिरोजपुर निवासी देवदास (30) के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे बाइक से खेत पर सिंचाई करने जा रहे थे। गांव की मोड़ पर ही भगवानदास रुककर किसी से बात करने लगे। दोनों सड़क किनारे खड़े थे। तभी पीलीभीत की ओर से तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि साले-बहनोई कार के चेसिस में फंसकर काफी दूर तक घसीटते हुए चले गए। कार भी सड़क किनारे जाकर खाई में पलट गई। साले और बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई। चालक हादसे के बाद कार छोड़कर भाग गया।
सूचना पर गांव में अफरातफरी मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर दोनों के शव रखकर जाम लगा दिया। जानकारी मिलने पर एसडीएम कलीनगर रामस्वरुप, सीओ उत्तम सिंह के साथ माधोटांडा, पूरनपुर, गजरौला और सुनगढ़ी थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों ने परिजन और ग्रामीणों को चालक पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक भगवान दास के भाई रामदास की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कार चालक ने पुलिस चौकी पहुंचकर बचाई जान
हादसे के बाद कार चालक ने भीड़ एकत्र होता देख किसी तरह पुलिस चौकी पर पहुंचकर जान बचाई। मामला शांत होने के बाद पुलिस कार चालक को मेडिकल के लिए माधोटांडा सीएचसी लेकर पहुंची। हादसे में चालक को भी मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने के बाद कार चालक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अगर चालक भीड़ के हत्थे चढ़ जाता तो गुस्साई भीड़ कुछ भी अनहोनी कर सकती थी।
कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए हैं। - उत्तम सिंह, सीओ पूरनपुर