गजरौला। असम हाईवे पर बिनौर पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लखीमपुर खीरी की एक महिला की मौत हो गई, जबकि पति और बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक चालक हेलमेट लगाए थे।
गोला (लखीमपुर खीरी) के गांव नीचीभूड़ के रहने वाले मजदूर मोहम्मद यूसुफ (24) मंगलवार देर शाम पत्नी नसीमा (21) और एक साल की बेटी सहारा संग बाइक से रिश्तेदारी में कस्बा गजरौला आ रहे थे। असम हाईवे पर बिनौर पुल के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दंपती और बच्ची घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। आननफानन में घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान नसीमा की देर रात मौत हो गई। इंस्पेक्टर जेपी सिंह ने बताया कि बुधवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल यूसुफ के भाई मोहम्मद हसन की तहरीर पर अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।