अमरिया। नेशनल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से कार सवार बरेली के दंपती की मौत हो गई, जबकि बेटा-बेटी समेत परिवार के चार सदस्य गंभीर रुप से घायल हो गए। दंपती परिवार समेत सर्पदंश के शिकार दामाद का हालचाल लेने अमरिया तहसील के गांव सिरैंदापट्टी जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया है।
हादसा रविवार देर रात बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर कस्बा अमरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर चौराहे के पास हुआ। बहेड़ी (बरेली) के झांझूनगर निवासी 50 वर्षीय अहमद हुसैन के दामाद सरैंदापट्टी (अमरिया) निवासी नूर हसन को रविवार सुबह सांप ने डस लिया था। तबीयत बिगड़ने पर वह दामाद को देखने कार से उनके घर जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी शाहीन बेगम (45), बेटा इमरान (25), बेटी रबीना (20), चचेरा भाई और कार मालिक जलीस अहमद और नातिन रिफा (10) भी थे। कार जलीस अहमद चला रहे थे। माधोपुर चौराहे के पास पहुंचते ही अमरिया से पीलीभीत की तरफ जा रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में सभी लोग फंस गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर एसओ उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और आनन फानन में जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने अहमद हुसैन और शाहीन बेगम को मृत घोषित कर दिया। बाकी चारों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया। एसओ अमरिया ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रक के बारे में पता लगाया जा रहा है।
दो मौतों के बाद परिवार में मचा कोहराम
मृतक अहमद हुसैन के परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। वह मेहनत मजदूरी करते थे और डनलप चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके पांच बेटी और दो बेटे हैं। सिर्फ बड़ी बेटी की शादी हुई है। रविवार को दामाद नूरहसन को सांप ने डस लिया तो खबर मिलने के बाद ही पूरा परिवार चिंतित हो गया था। दिन में वह लॉकडाउन की वजह से नहीं निकले। नूर हसन की बेटी रिफा जो कि हादसे में घायल हुई है, वह कई महीनों से नाना-नानी के पास ही रह रही थी। सभी उनके पहुंचने का इंतजार कर रहे थे कि अचानक दंपती की मौत और अन्य चार सदस्यों के घायल होने की खबर मिल गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।
30 मिनट बाद निकाला जा सका कार से
ट्रक की टक्कर लगने के बाद कार का एक तरफ का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। कार सड़क पर पलट गई थी। कार में सभी सदस्य फंसे हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को कार में फंसे घायलों को निकालने में मशक्कत करनी पड़ी। बहुत देर बाद कार को सीधा कराया जा सका। तब तक दंपती की मौत हो चुकी थी। इस दौरान करीब 30 मिनट तक रेस्क्यू चला।