पीलीभीत। एडीजी बरेली के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बिजली’ के तहत पुलिस ने सोमवार को आठ इनामी बदमाश पकड़े। गोमांस तस्करी में गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से इन सभी की तलाश की जा रही थी। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।
कानपुर हत्याकांड के बाद पुलिस थाना स्तर पर टॉप10 अपराधियों का चिह्नीकरण करके उन पर शिकंजा कसने में जुटी है। इसके अलावा ‘ऑपरेशन बिजली’ की शुरूआत बरेली जोन के एडीजी अविनाश चंद्र के निर्देश पर की गई है। इसकी मॉनिटरिंग एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी कर रहे हैं। सीओ की मौजूदगी में बदमाशों के घर लगातार दबिशें दी जा रही हैं। सोमवार को पूरनपुर से मोहल्ला कुरैशियान शेरपुरकलां निवासी नाजिम, नदीम, राजा, अनीस, मोहल्ला लाइनपार साहूकारा निवासी शेरु कुरैशी को पकड़ा। बरखेड़ा पुलिस ने खमरिया गांव निवासी वसीम बोरा और फिरदौस को गिरफ्तार किया। इसके अलावा माधोटांडा पुलिस ने सुखदासपुर गांव निवासी कल्लू उर्फ नफीस की गिरफ्तारी की। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि ये सभी शातिर गोमांस तस्कर और गैंगस्टर एक्ट के वांछित थे। सभी पर 10-10 हजार का इनाम था।
10 अन्य अपराधी भी पकड़े गए
आठ इनामी के अलावा अभियान के तहत थानों की टॉप-19 सूची में शामिल 10 अन्य अपराधी भी जेल भेजे गए। कोतवाली से शातिर चोर मोहल्ला देशनगर निवासी सोनू कालिया, बिलसंडा से तिलसंडा गांव निवासी उमेश, विजेंद्र सिंह, पूरनुपर से गहलुईया गांव निवासी मोहम्मद नूर उर्फ पड्डा, सेहरामऊ उत्तरी से अंडभोजी गांव निवासी हरजिंदर सिंह, न्यूरिया से मोहल्ला खेड़ा निविासी कुलदीप गुप्ता, नऊआनगरी किशनपुर गांव निवासी हरस्वरुप, पिपरिया अगरू गांव निवासी कुंवरसेन, जहानाबाद से सैजना गांव निवासी प्रेमनरायन, अमरिया कस्बा निवासी सलमान पकड़े गए।