बरखेड़ा। दौलतपुर मार्ग पर ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
दियोरिया कलां कोतवाली क्षेत्र के पिपरिया दियोहना गांव निवासी 30 वर्षीय विजयपाल मजदूरी करते थे। वह बुधवार सुबह बाइक से डीजल लाने के लिए बरखेड़ा आ रहे थे। उनके साथ गांव का ही जय सुखलाल (40) भी था। दौलतपुर मार्ग पर प्रतापडांडी पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। हादसा देखते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। एसएसआई आशुतोष रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आननफानन में घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने विजयपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि जय सुखलाल को प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे का पता लगने पर परिवारवाले भी सीएचसी पहुंच गए। शव देखकर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। विजयपाल के दो बच्चे हैं। एसएसआई ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर एक हेलमेट भी टूटा मिला है। बाइक कौन चला रहा था। चालक हेलमेट लगाए था या नहीं इसको लेकर पता नहीं चल सका।