पूरनपुर (पीलीभीत)। ट्रैक्टर ट्रॉली समेत लापता चालक गांव राहुलनगर निवासी अमर सिंह (30) का शव दो दिन बाद सुतिया नाले के दलदल में मिला। ट्रैक्टर ट्रॉली भी दलदल में पूरी तरह धंसी हुई थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन से शव और ट्रैक्टर ट्रॉली को बाहर निकलवाया।
मोहल्ला अहमद नगर निवासी हामिद असर का खिरकिया बरगदिया गांव में फार्म हाउस है। अमर सिंह उनके यहां ट्रैक्टर चालक था। शुक्रवार को वह ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर फार्म हाउस के लिए निकला था। उसने अपनी साइकिल भी ट्रॉली में पीछे बांध रखी थी। इसके बाद से वह लापता हो गया। देर शाम तक वह नहीं लौटा तो फार्मर और परिजनों ने ग्रामीणों के साथ तलाश की। शनिवार को भी दिन भर हर तरफ तलाशा गया लेकिन कुछ पता नहीं लगा।
रविवार दोपहर हामिद के फार्म हाउस के पास शारदा नदी के दलदलनुमा सुतिया नाले में ट्रॉली के पीछे बंधी अमर सिंह की साइकिल का हिस्सा दिखाई दिया। चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली के सुतिया में होने की आशंका पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने क्रेन मंगाकर करीब दो घंटे बाद ट्रैक्टर ट्रॉली और चालक के शव को बाहर निकाला। आशंका है कि ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर सुतिया नाले में चली गई। दलदल होने की वजह से वह उसमें समा गई। अमर सिंह दो भाइयों में छोटा और विवाहित था।
साइकिल का हिस्सा न दिखाई देता तो पता नहीं चलता
ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह सुतिया के दलदल में समा चुकी थी। अमर सिंह ट्रैक्टर ट्रॉली के पीछे साइकिल बांधकर रखता था, ताकि अगर कहीं देर हो जाए तो वह साइकिल से निकल जाए। उसे तलाशते हुए ग्रामीण हर तरफ घूम चुके थे। अगर साइकिल का हिस्सा न दिखाई देता तो यह रहस्य ही बना रहता।