ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बच्ची की मौत, मां समेत दो घायल
अमरिया/परेवावैश्य। गांव परेवावैश्य निवासी नवाब हसन ने बताया कि उनकी पुत्री समरीन हफ्ते भर पहले अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री रिदा बी को लेकर मायके आई थी। इसी बीच नातिन रिदा बी की तबीयत खराब हो गई। बुधवार को वह पुत्री समरीन व नातिन रिदा भी को बाइक से लेकर अमरिया में एक प्राइवेट डॉक्टर के पास दवाई लेने गए थे। वापस आते समय करघैना नहर पुल के पास समरीन के हाथ से दवाई छूटकर गिर गई। जिस पर उन्होंने बाइक खड़ी कर दी और समरीन पुत्री को गोद में लेकर दवाई उठाने लगी। इसी बीच से पीछे से आ रही ईंट भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने तीनों को टक्कर मार दी, जिससे रिदा बी की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई, जबकि वह और पुत्री समरीन घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को बरेली रेफर कर दिया।
कार की टक्कर से दंपत्ति घायल
पीलीभीत। गांव खरौंसा निवासी विद्याराम ने बताया कि वह पत्नी ओमवाती को लेकर पीलीभीत गए थे। वापस आते समय गांव सैदपुर के पास पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।