पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई की कठिनाइयों को दूर करने और उनकी सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग समीक्षा व्यवस्था मजबूत करेगा। इसके तहत हर महीने के चौथे शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी अपने क्षेत्र के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही कमजोर बच्चों को चिह्नित कर उनकी समस्याएं दूर करने की रणनीति बनाई जाएगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत विद्यालय स्तर से लेकर विकासखंड, जिला और राज्य स्तर तक शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। समीक्षा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी बच्चों को निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई का अवसर मिले और सीखने में पीछे रह रहे विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग दिया जा सके। बैठक में शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप शिक्षण कार्य, मासिक पाठ्यक्रम की प्रगति और बच्चों की पढ़ने-लिखने की क्षमता का आकलन किया जाएगा। बुनियादी दक्षताओं में आ रही कठिनाइयों की पहचान कर उन्हें दूर करने के उपायों पर भी चर्चा होगी। इसके आधार पर जरूरतमंद बच्चों के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि आदेश पर अमल कराया जा रहा है।