उपाधि महाविद्यालय में विश्वविद्यालय मुख्य परीक्षा संपन्न कराने को इस बार 4000 व्यक्तिगत सीटें निर्धारित की गई है। सीटें कम होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। नगर मंत्री जीतू सूर्या के नेतृत्व में तमाम प्राइवेट विद्यार्थियों ने सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर कॉलेज परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विगत वर्ष करीब पांच हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा फार्म जमा किए थे, लेकिन इस बार सीटें कम होने से कई छात्र-छात्राएं वंचित रह जाएंगे। प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर सीटें बढ़वाने की मांग की गई। सीटें न बढ़ने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई।
इस दौरान छात्राओं और प्राचार्य की बीच तीखी नोकझोंक भी हो गई। परिसर में मौजूद पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया। प्रदर्शन करने वालों में कौशल कुमार, प्रताप सिंह, राहुल माथुर, दिनेश, संदीप, सोनू कुमार, धर्मेंद्र, तुषार वैश्य, ज्ञानेंद्र ठाकुर आदि कार्यकर्ता व प्राइवेट परीक्षार्थी मौजूद रहे।