अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जेएनयू प्रकरण अभियान के दूसरे दिन उपाधि महाविद्यालय गेट पर पत्रकों का वितरण कर जेएनयू में हुई घटना के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया।
विद्यार्थी परिषद की ओर से एक अप्रैल से दस अप्रैल तक जेएनयू प्रकरण अभियान चलाया जा रहा है। नगर मंत्री अजय लोधी ने बताया कि अभियान के माध्यम से जेएनयू में षड़यंत्रकारियों द्वारा लगाए गए राष्ट्रविरोधी नारों और हैदराबाद में छात्र रोहित बेमुला की आत्महत्या की हकीकत से विद्यार्थियों को अवगत कराया जा रहा है। शनिवार को भी तमाम कार्यकर्ताओं ने उपाधि महाविद्यालय गेट पर विद्यार्थियों को अभियान से जुड़े पत्रक बांटे। इस दौरान जिला संयोजक जीतू सूर्या ने बताया कि तीन अप्रैल को सभी इकाइयां मशाल जुलूस निकालेंगी। चार और पांच अप्रैल को हस्ताक्षर अभियान, सात अप्रैल को तहसीलों में संगोष्ठी की जाएगी। इसके बाद दस अप्रैल तक विभिन्न छात्रावासों में संपर्क किया जाएगा। इस मौके पर संगठन मंत्री दीपक कुमार, रोहित कुमार, प्रदीप कुमार, अजीत सिंह, अनुराग आदि मौजूद रहे।