संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़े भक्त शिव भक्ति में डूबे दिखाई दिए। हल्की बारिश के बीच सुबह में शिवालयों के कपाट खुलते ही बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष लगाते हुए भक्त शिवालयों में कतार के साथ प्रवेश किए। हाथों में पूजन सामग्री समेत आदि लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। दिनभर जत्थेदार मंदिर में आकर पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक करते हुए भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के रंग में सराबोर दिखाई दिए।
शहर में गौरी शंकर मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खुलने के हल्की बारिश के बीच पहुंचे श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। पहले सावन सोमवार पर हरिद्वार, कछला व अन्य तीर्थों से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों ने भी कांवड़ पूजन के बाद शिवलिंग का विधिवत अभिषेक किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में लगातार शिव भजनों और मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
सुरक्षा दृष्टि के लिहाज से मंदिर परिसर में लोहे व बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। कंट्रोल रूम से लगातार मंदिर परिसर की निगरानी रखी गई। शहर के अर्धनारीश्वर व दुग्धेश्वर शिवालय में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इन मंदिरों में भी भक्तों ने जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
गौरीशंकर मंदिर में शिवलिंग पर दुग्धाभिषेक करते भक्तगण। संवाद
गौरीशंकर मंदिर में शिवलिंग पर दुग्धाभिषेक करते भक्तगण। संवाद