पीलीभीत। अगर सब कुछ ठीक रहा तो स्थानीय जंक्शन से दिल्ली के लिए इंटरसिटी और आला हजरत ट्रेन चलवाने की मांग पूरी हो सकती है। टनकपुर में वॉशिंग लाइन को ध्यान में रखकर डीआरएम ने इसके लिए भरोसा दिया है। वहीं उन्होंने स्टेशन परिसर में 160 फीट ऊंचा तिरंगा लगवाने का भी आश्वासन दिया है।
टनकपुर रूट पर अब तक दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। टनकपुर से शुरू की गईं त्रिवेणी एक्सप्रेस और ऊना हिमाचल एक्सप्रेस दोनों ही दोपहर में हैं। इससे यात्रियों को खासकर व्यापारियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। दिल्ली के लिए आला हजरत और इंटरसिटी को बरेली से चलाया जा रहा है। सिविल लाइंस निवासी अधिवक्ता शिवम कश्यप ने रेल मंत्री को इस संबंध में पत्र भेजकर इन ट्रेनों को स्थानीय जंक्शन से चलवाने की मांग की थी। इस पर रेल मंत्री ने मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने पीलीभीत में पिट लाइन (वॉशिंग लाइन) नहीं होने की बात कहकर मना कर दिया था। इस पर शिवम कश्यप ने चार फरवरी को निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम दिनेश कुमार सिंह को पत्र देकर टनकपुर में पिट लाइन होने की बात कही। उनकी इस बात पर डीआरएम दोनों ट्रेनों को टनकपुर से चलाने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने शिवम कश्यप की मांग पर स्टेशन परिसर में तिरंगा लगाने की मांग पर भी विचार करने की बात कहीं।