पूरनपुर। पड़ोस के एक शोहदे से तीन सगे भाइयों का परिवार परेशान है। आरोप है कि शोहदा महिलाओं को अश्लील इशारे करता है तो कभी उनका वीडियो बनाकर एडिट करने के बाद वायरल करने की धमकी दे रहा है। नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
कस्बे के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह तीन भाई हैं, तीनों के परिवार एक ही मकान में रहते हैं। पड़ोस का एक युवक आए दिन छत पर खड़े होकर परिवार की महिलाओं- युवतियों को अश्लील इशारे करता है। विरोध करने पर झगड़ा-फसाद करने लगता है। उसने कई बार छिपते-छिपाते परिवार की महिलाओं और युवतियों के फोटो खींच लिए। कुछ वीडियो भी मोबाइल से बना लिए। अब उन्हें एडिट कर इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देता है। आरोप है कि दो फरवरी की दोपहर आरोपी अपने मकान की खिड़की की एक साइड में मोबाइल रखकर चुपचाप वीडियो बना रहा था। मगर उसके परिजन की नजर पड़ गई। विरोध करने पर अब वह धमका रहा है। आरोपी से परिवार को खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की। कस्बा इंचार्ज निर्देश सिंह चौहान ने बताया कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया है, वह मदरसा संचालक है। मदरसा के बच्चे शोर करते हैं। इस वजह से आसपास के लोग विरोध में हैं। शिकायत मिलने पर मोबाइल की पूर्व में ही जांच की गई थी, मगर कुछ आपत्तिजनक नहीं निकला। मदरसा संचालक को खिड़की में तिरपाल लगाने को कहा गया है, ताकि दूसरे पक्ष के मकान की तरफ ताक-झांक न हो सके।