जहानाबाद। थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इन्कार करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष की ओर से उसे लगातार धमकाया भी जा रहा है। जहानाबाद क्षेत्र के रहने वाली युवती ने बताया कि वह सामाजिक कार्यकर्ता है। उसकी मुलाकात ग्राम सिरसी लदपुरा निवासी संजीव कुमार से हुई थी। आरोप है कि संजीव कुमार ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर शादी का भरोसा दिलाया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। यहां तक कि दोनों के बीच शादी की तारीख भी तय कर दी गई थी।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। जब उसने इस पर आपत्ति जताई और दबाव बनाया तो आरोपी ने उसका मोबाइल हैक कर लेने की धमकी दी। इससे परेशान होकर उसने पूरे मामले की शिकायत थाना जहानाबाद में की। आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वह वापस लौट रही थी। तभी आरोपी के चाचा कुंवरसेन ने रास्ते में उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई पर अमल किया जा रहा है। संवाद