पीलीभीत। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। महिला से मिलने उसके घर पहुंचे युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से बचाकर हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी की बरेली के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के ग्राम सेथल निवासी राशिद से सोशल मीडिया के माध्यम से जान-पहचान हो गई थी। दोनों के बीच बातचीत भी होती थी। आरोप है कि रविवार शाम राशिद उसकी पत्नी से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसकी जानकारी होने पर उसने आसपास के लोगों को बुला लिया और आरोपी को घर पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर थाने ले आई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है। उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा। संवाद