गैस एजेंसी पर मारपीट करते लोग। स्रोत वीडियो ग्रैब।
- फोटो : Samvad
अमरिया। बिना लाइन में लगे गैस सिलिंडर लेने का प्रयास कर रहे अमरिया क्षेत्र के गांव बिशुनपुर फरदिया निवासी आरोपियों ने गैस एजेंसी के कर्मचारी से विवाद और मारपीट की। इस दौरान जमकर लात - घूसे और डंडे चले। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने गैस एजेंसी के कर्मचारी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया है।
अमरिया थाना क्षेत्र के गांव रसूला फरदिया में रामलुभाया गैस एजेंसी है। अमरिया , मझोला, न्यूरिया और आसपास गांवों के उपभोक्ताओं को इसी एजेंसी से गैस सिलिंडर मिलता है। एजेंसी की गाड़ी सिलिंडर लेकर गांवों में भी जाती है। गैस एजेंसी के कर्मचारी रिषभ निवासी बिशनपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह बिशनपुर फरदिया के मजरे में गैस सिलिंडर वितरण कर रहे थे। इसी दौरान गांव फरदिया निवासी मोहम्मद सलीम और अन्य ने बिना लाइन में लगे ही गैस सिलिंडर लेने की कोशिश की, जबकि उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी थी। मना करने पर सलीम ने गाली-गलौज करते हुए उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया। आरोप है कि सलीम ने अपने परिवार के सदस्य रफीक, रहीस, हनीफ और नन्हे बाबू को बुला लिया। सभी ने उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। संवाद