महिला को थाने ले जाकर पुलिस ने की पूछताछ, परिजन दिव्यांग को ढूंढने दिल्ली रवाना
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला पर अपने दिव्यांग और मानसिक रूप से अस्वस्थ पति को दिल्ली में स्टेशन पर छोड़कर प्रेमी के साथ जाने का आरोप लगा है। पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का विवाह करीब 11 वर्ष पूर्व बरखेड़ा क्षेत्र की एक युवती से हुआ था। उनके तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, युवक शारीरिक रूप से दिव्यांग और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बताया जा रहा है कि इसी बीच महिला का पास के गांव के एक युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया। करीब पांच दिन पहले महिला अपने पति, बच्चों और कथित प्रेमी के साथ मजदूरी करने के लिए रोहतक (हरियाणा) जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि जब वे दिल्ली स्टेशन पहुंचे तो महिला ने साजिश के तहत अपने पति को वहीं छोड़ दिया। प्रेमी व बच्चों के साथ रोहतक चली गई। दो दिन तक युवक का सुराग न मिलने पर जब परिजनों को मामले की भनक लगी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला और संबंधित लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की। महिला ने पुलिस को बताया कि भीड़ के कारण उसके पति ट्रेन में नहीं चढ़ पाए और स्टेशन पर ही छूट गए।
परिजनों का कहना है कि यह सब जानबूझकर किया गया, ताकि वह अपने प्रेमी के साथ रह सके। कार्यवाहक थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि महिला से पूछताछ की गई है। वर्तमान में महिला और उसके कुछ परिजन दिव्यांग युवक की तलाश के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद