पूरनपुर। बाइकों की टक्कर में ससुराल जा रहे ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि ससुराल से लौट रहे दूसरी बाइक पर सवार दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। दो घायलों को हालत गंभीर होने पर सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा पूरनपुर-मैगलगंज हाईवे पर गांव लुकटिहाई के समीप सोमवार शाम करीब चार बजे हुआ।
बंडा (शाहजहांपुर) के गांव लालपुर निवासी रामसरन, पत्नी कमला देवी और भतीजे शशिकांत के साथ बाइक से अपनी ससुराल गांव घुंघचाई से लौट रहे थे। बाइक शशिकांत चला रहा था। उधर, गांव दिलावरपुर निवासी छोटेलाल बाइक से अपने ननिया ससुर के घर गांव केशोपुर जा रहा था। लुकटिहाई चौराहा पर पहुंचते ही दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस हालत गंभीर होने पर घायल छोटेलाल को अपने वाहन से सीएचसी लेकर आई। वहां इलाज के दौरान छोटेलाल की मौत हो गई। गांव के ही रजनीश ने सीएचसी पहुंचकर शव की शिनाख्त की। इसके अलावा रामसरन, पत्नी कमला देवी, भतीजे शशिकांत को पीछ से एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रामसरन, शशिकांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी से मेमो भेजकर घायलों की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि छोटेलाल के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक के तीन बेटी हैं। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।