पीलीभीत। ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्याें में हुए भ्रष्टाचार की दो सदस्यीय टीम जांच करेगी। ग्रामीणों ने शपथ पत्र के माध्यम से कुछ दिन पूर्व डीएम से पूरे मामले की शिकायत की थी।
पूरनपुर ब्लाॅक के गांव बुढि़या इटौरिया निवासी सचिन कुमार, ज्ञान प्रकाश, मनोज और पातीराम ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से कुछ समय पूर्व शपथ पत्र के माध्यम से शिकायत की थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने सचिव के साथ मिलकर प्राथमिक विद्यालय व सामुदायिक शौचालय में हैंडपंप रिबोर, अमृत सरोवर और पुलिया निर्माण के नाम पर आई धनराशि का गबन कर लिया।
गांव में लगवाई गई स्ट्रीट लाइट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। डीएम ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित करने के आदेश दिए। डीएम के आदेश पर भूमि संरक्षण और शारदा सागर खंड के सहायक अभियंता को नामित करते हुए पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए है। डीएम ने जारी निर्देश में कहा है कि जांच टीम 15 दिनों के भीतर बिंदुवार रिपोर्ट तैयार कार्यालय में उपलब्ध कराए। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम स्तर से दो सदस्यीय टीम गठित हुई है। जांच रिपोर्ट आने पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी। संवाद