बरखेड़ा (पीलीभीत)। दिवाली पर परिवार के साथ त्योहार मनाने की खुशियां लेकर घर लौट रहे दो भाइयों की बाइक को ट्रैक्टर-ट्राॅली ने टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटा भाई का उपचार जारी है।
हादसा सात नवंबर की रात करीब नौ बजे पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर अलियापुर मजार के पास हुआ। बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोबल पतिपुरा निवासी दिनेश कुमार (28) पुत्र जगदीश प्रसाद अपने छोटे भाई विनय कुमार (20) के साथ रुद्रपुर (उत्तराखंड) से बाइक से घर लौट रहे थे। विनय हेलमेट पहनकर गाड़ी चला रहे थे, जबकि दिनेश ने हेलमेट नहीं लगाया था। अलियापुर मजार के पास सामने से आए ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची जिरौनिया पुलिस चौकी की टीम ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां उपचार के दौरान दिनेश ने दम तोड़ दिया। दिनेश रुद्रपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उनकी मौत से पत्नी दुर्गा का रो-रोकर बुरा हाल है। एक वर्षीय बेटे सचिन के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। बीसलपुर के सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्राॅली की तलाश की जा रही है। परिजन की तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।