पूरनपुर। रंजिशन घर में घुसकर सो रहे गांव मुजफ्फरनगर के लक्ष्मीनरायन को चार लोग चारपाई सहित उठा ले गए। गांव में एक स्थान पर ले जाकर गाली-गलौज कर पिटाई करके घायल कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग गए।
पीड़ित की ओर से बृहस्पतिवार को चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दर्ज कराई रिपोर्ट में लक्ष्मी नरायन ने कहा कि 19 अप्रैल को वह अपने घर में सो रहा था। इस दौरान घर में घुसे शिवओम, शिवहरी, रानू व छिद्दू उसे चारपाई सहित घर से उठा ले गए। गांव में कुछ दूरी पर पाकड़ के पेड़ के समीप उसे चारपाई से उतार कर गालियां दी और पिटाई कर घायल कर दिया। घटना की सूचना उसने मोबाइल पर पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद