मझोला। साइड देने के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी हाथापाई तक पहुंच गई। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने एक पक्ष के दो लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।
रविवार सुबह करीब नौ बजे खटीमा थाना क्षेत्र के ग्राम जमौर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा से गुजरात जाने के लिए पीलीभीत रेलवे स्टेशन जा रहा था। मझोला पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर ई-रिक्शा सामान लेने के लिए रुका था। इसी दौरान मझोला निवासी दो युवक मोटरसाइकिल लेकर ई-रिक्शा के आगे सामान लेने के लिए खड़े हो गए। ई-रिक्शा चालक ने बाइक साइड में करने के लिए कहा। इसी बीच रिक्शे में बैठा एक युवक नीचे उतरा और ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी का हवाला देते हुए मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर पूछताछ की। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण दोनों पक्षों को न्यूरिया थाने भेज दिया गया। बताया जाता है कि वहां दोनों पक्षों में लिखित समझौता हो गया। इसके बावजूद पुलिस ने ट्रेन पकड़ने वाले लोगों जाने दिया, जबकि दूसरे पक्ष को थाने में बैठाए रखा गया। बाद में दूसरे पक्ष के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि एक पक्ष में महिलाएं होने के कारण समझौते के आधार पर उन्हें जाने दिया गया, जबकि दूसरे पक्ष के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।