पीलीभीत। हत्या की पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार शाम पिपरा वाले गांव में दो पक्षाें में हुए संघर्ष और गोलीकांड के बाद दूसरे दिन भी गांव में पुलिस तैनात रही। पुलिस ने एक पक्ष के चार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है। घटना में घायल दो लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के पिपरा वाले गांव में मंगलवार शाम दस साल पुरानी हत्या की रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में करीब आधा घंटे तक लाठी-डंडे चले थे। एक पक्ष ने फायर भी किया था। इसमें दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा था। एएसपी वीरेंद्र कुमार और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी फोर्स के साथ गांव पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।
देर रात प्रेमशंकर के भाई हरस्वरूप वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में बंदूक और अवैध असलहा लेकर जान से मारने की नीयत से घर में घुसकर फायरिंग करने की बात कही गई है। जागन लाल व उसके दो पुत्रों विजेंद्र, दोदराम, भाई मंगलसेन को नामजद किया गया है।
घायलों में गोली लगने से घायल हुए एक पक्ष के प्रेमशंकर और दूसरे पक्ष के जागन लाल को मंगलवार देर रात जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया। सुरक्षा के लिहाज से बुधवार को भी गांव में पुलिस फोर्स तैनात रहा। थाना प्रभारी पवन कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में पुलिस को तैनात किया गया है।
गोली चलाने से नाराज दूसरे पक्ष ने तोड़ी बंदूक
घटना के दौरान लाइसेंसी बंदूक से गोली चलने के बाद दूसरे पक्ष के लोग नाराज हो उठे। गोली चलाने वाले को घेरकर जमकर पिटाई की। इसके साथ ही बंदूक को छीनकर तोड़ दिया। बताया जाता है कि बंदूक के कई हिस्से कर दिए गए। पुलिस ने बंदूक के क्षतिग्रस्त हिस्सों को कब्जे में ले लिया है।