पूरनपुर। आर्य समाज के मेला वेद प्रचार उत्सव को लेकर रविवार को नगर में शोभायात्रा निकाली गई। बैंडबाजों के साथ निकाली गई शोभायात्रा एपी इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त हो गई। उत्सव के तहत यहां चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
नगर के सीमेंट मार्ग स्थित आर्य समाज धर्मशाला से शोभायात्रा शुरू हुई। जो सीमेंट रोड, स्टेशन रोड, संजय गांधी मार्ग, बाजार रोड, कोतवाली के सामने से होते हुए स्टेशन रोड से रामलीला मेला मैदान होते हुए एपी इंटर कॉलेज में पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में एपी इंटर कॉलेज के बच्चे आर्य समाज का ध्वज लेकर चल रहे थे।
शोभायात्रा में आर्य समाज की टोलियां भजन-कीर्तन करती चल रहीं थी। शोभायात्रा में आर्य समाज के प्रधान डॉ. तेज बहादुर सिंह तेजू, एपी इंटर कॉलेज के प्रबंधक निरंजन सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानी, विजय खुराना, डॉ. सोमदत्त, धीरू सिंह, अतुल कुमार, अंकित वर्मा आदि आर्य समाज के लोग शामिल थे।
आर्य समाज के पूर्व प्रधान ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानी ने बताया कि शोभायात्रा के साथ रविवार से एपी इंटर कॉलेज में वेद प्रचार उत्सव के तहत चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम में प्रतिदिन सुबह सवा आठ बजे से 10 बजे तक यज्ञ, प्रवचन, शाम साढ़े छह बजे से रात साढ़े 10 बजे तक भजन, प्रवचन, श्रीराम कथा होगी।
उत्सव में पंडित घनश्याम प्रेमी, भानु प्रकाश शास्त्री, विमल देव अग्निहोत्री प्रवचन करेंगे और श्रीराम कथा सुनाएंगे।