महिला एवं बाल विकास केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के अथक प्रयास के चलते कस्बे में रेलवे स्टेशन को हॉल्ट बनाने पर रोक लग गई है। इससे मझोला के लोगों में खुशी है। गुरुवार को मझोला के लोगों ने मेनका गांधी का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बंद चीनी मिल को चालू कराने का भी भरोसा दिलाया।
गन्ना समिति परिसर में हुए समारोह में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन को हाल्ट बनाने पर रोक लगा दी गई है। अब बंद चीनी मिल को चालू कराने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान भरा पचपेड़ा में गौशाला की जमीन पर फसल करने वाले लोगों ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर धान की फसल नीलाम करने पर रोक लगाने की मांग की। इससे पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन अजय गोयल और विमला बड़गोती ने केंद्रीय मंत्री का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर रविंद्र सिंह बेदी, मंजीत सिंह, भाजपा नगराध्यक्ष दीपक जिंदल, रामानंद सिंह, बलविंदर सिंह, मंगली प्रसाद, भीमसेन, धर्मपाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
आंदोलनकारियों ने किया बहिष्कार
चीनी मिल चालू कराने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे मझोला के युवाओं ने केंद्रीय मंत्री की सभा का बहिष्कार किया। आंदोलनकारी नौजवान सभा में शामिल नहीं हुए।