पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पतरासा कुंवरपुर में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसभा में 30 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा आदि को लेकर अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है।
रविवार को कार्यक्रम स्थल पर जिले के प्रभारी एवं कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, बरेली डीआईजी अजय साहनी, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जनसभा स्थल, हेलीपैड, ग्राम सचिवालय, वीआईपी मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा में 30 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए विशाल पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, मोबाइल शौचालय, पार्किंग तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
विकास की नई तस्वीर पेश करेगा बरखेड़ा
सीएम अपने दौरे के दौरान बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इन योजनाओं में नई परियोजनाओं का शिलान्यास और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, संपर्क मार्ग, सार्वजनिक भवन, पेयजल, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। बरखेड़ा विधानसभा में 455.72 करोड़ की कुल 39 परियोजनाएं हैं। बीसलपुर विधानसभा में 113.69 करोड़ की कुल 27 परियोजनाएं हैं। इनमें लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। संवाद
-
करीब 96 हजार लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया जाएगा। जिला सहायता एवं पुनर्वासन विभाग के अनुसार, 2,143 परिवारों को राहत एवं पुनर्वासन का लाभ मिलेगा, जिससे लगभग 54 हजार लोग लाभान्वित होंगे। उपनिवेशन योजना के अंतर्गत 2,444 परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार प्रदान किए जाएंगे, जिससे लगभग 42 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा 106 पात्र व्यक्तियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जिले के 4,693 परिवारों व करीब 96 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने का अनुमान है।
500 मीटर पहले ही रोक दिए जाएंगे वाहन
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दाहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभास्थल से लगभग 500 मीटर पहले ही सभी वाहनों का प्रवेश रोक दिया जाएगा। वहां से लोगों को निर्धारित मार्ग से पैदल पंडाल तक पहुंचाया जाएगा। वीआईपी और आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए गए हैं।
-
चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस और कैमरों की नजर
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। जनसभा स्थल, हेलीपैड, ग्राम सचिवालय, वीआईपी मार्ग, पार्किंग व आसपास के पूरे क्षेत्र में सीसी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर गतिविधि पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन, कंट्रोल रूम और आधुनिक संचार व्यवस्था के जरिये सुरक्षा एजेंसियां पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखेंगी। बड़ी संख्या में पुलिस, पीएसी और खुफिया एजेंसियों के जवान भी तैनात रहेंगे।
-
हेलीपैड से लेकर मंच तक विशेष इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हेलीपैड, ग्राम सचिवालय और जनसभा स्थल पर एयर कंडीशनरयुक्त चेंज रूम तैयार किए गए हैं। इसके अलावा वीआईपी लाउंज, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, बिजली बैकअप, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
-