पुलिस ने शांतिभंग में किया गिरफ्तार, आरोपी पूर्व पत्नी से आठ माह पहले ले चुका है तलाक
बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव पौटां कलां में शनिवार सुबह एक युवक अपनी पूर्व पत्नी से मिलने के लिए बुर्का पहनकर पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों की सतर्कता के चलते वह भीड़ का शिकार हो गया। ग्रामीणों ने उसे अपहरणकर्ता समझ जमकर पीटा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला मो. बशीर खां निवासी मो. रईस शनिवार सुबह लगभग 11 बजे गांव पौटां कलां पहुंचा। रईस ने अपनी पूर्व पत्नी, जिससे उसका आठ महीने पूर्व तलाक हो चुका है, उससे मिलने के लिए बुर्का पहन रखा था। वह छिपते-छिपाते उसके घर की ओर जा रहा था। गांव की पुरानी बाजार के पास से गुजरते समय कुछ स्थानीय लोगों को बुर्का पहने हुए इस व्यक्ति की चाल-ढाल पर संदेह हुआ। शक गहराने पर लोगों ने उसे रोका और चेहरे से नकाब हटवाया। बुर्के के भीतर पुरुष को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचा दिया। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। भीड़ में मौजूद लोगों ने रईस को अपहरणकर्ता समझ लिया और बिना कोई सफाई सुने उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रईस को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए मो. रईस के खिलाफ कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। हालांकि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने रईस को शांतिभंग की धारा के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। संवाद
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रील और वीडियो के जरिये यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
पूर्व पत्नी से बुर्का पहनकर जाने के दौरान पकड़ा गया व्यक्ति। स्रोत-वीडियो