तेंदुआ पकडने को लगाया गया पिंजरा स्रोत : वन विभाग
पूरनपुर। तेंदुआ का लंगड़ाते हुए फोटो कैमरे में कैद होने पर उसे पकड़ने के लिए गांव कजरी निरंजनपुर के पास पिंजरा लगाया गया है। पिंजरे में बकरी भी बांधी जा रही है, ताकि शिकार खाने के लिए घुसते ही तेंदुआ कैद हो जाए।
गांव रम्पुरा कोन से कजरी निरंजनपुर और आसपास इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही है। सप्ताहभर पहले तेंदुआ गांव रम्पुरा कोन में एक किसान के घर के बाहर से कुत्ते को उठा ले गया था। किसान के घर के बाहर लगे कैमरे में कुत्ते को मारकर उठा ले जाने की वीडियो कैद हुई थी। तेंदुए की लोकेशन जानने के लिए पिछले दिनों किसान के घर के समीप कैमरा लगाया गया। कैमरे में तेंदुआ का लंगड़ाता हुआ फोटो कैद हो गया। इसकी जानकारी उच्च अफसरों को दी गई।
उच्च अफसरों के आदेश पर तेंदुआ को पकड़ने के लिए गांव में एक स्थान पर तीन दिन पहले पिंजरा लगाया गया। पिंजरा में बकरी बांधी जा रही है, ताकि पिंजरा में तेंदुआ के कैद होने पर उसके लंगड़ाने का कारण जाना जा सके। तेंदुआ पिंजरा के समीप तक नहीं आया। सामाजिक वानिकी के रेंजर सरवन लाल ने बताया कि कुछ दूरी पर झुकना नदी है। उसमें नरकुल भी खड़ा है। संभावना है कि तेंदुआ नदी की ओर चला गया है। तेंदुआ की निगरानी को टीम लगी हुई है। संवाद
-