बीसलपुर। नगर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में रम्पुरा रोड स्थित आंबेडकर कॉलोनी में मंगलवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे एक नवनिर्मित मकान का लिंटर खोलने के दौरान बीम व दीवार ढह गई। हादसे के दौरान वहां पर काम कर रहे एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से मोहल्लों में खलबली मच गई। एसडीएम ने तहसीलदार को हादसे के कारणों की जांच सौंपी है।
आशंका जताई जा रही है कि बीम कमजोर रह गया होगा, इसी वजह से हादसा हो गया। बीम टूटते ही उससे जुड़ी एक छोटी पक्की दीवार भी ढह गई। बीम और दीवार के मलबे से दबकर वहां काम करने वाले मोहल्ला पटेल नगर निवासी मजदूर रामचंद्र लाल, बुद्धसेन व मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी बृजपाल कश्यप और गांव बौनी निवासी वीरेंद्र कुमार घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. आजम ने रामचंद्र लाल (60) को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, तीनों घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी रेशम देवी ,पुत्र सुखपाल, पुत्रवधू गुड़िया देवी और पौत्र हिमांशु रोने-बिलखने लगे।
मलबा सड़क पर गिरने के कारण यातायात हुआ बंद
मकान का बीम ओर दीवार ढहने के दौरान पूरा मलबा सड़क पर आ गया। इससे यातायात बंद हो गया। पुलिस ने सड़क से मलबा हटवाकर यातायात शुरू कराया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अभी संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद
हादसा होते ही लापता हो गया भवन मालिक
हादसा होने के बाद पुलिस और लोगों ने भवन स्वामी को तलाश किया, लेकिन वह मौजूद नहीं मिले। लोग उनके मोबाइल नंबर पर फोन करते रहे, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। मोहल्ले के लोग भवन मालिक का नाम बताने से भी कतराते रहे।
-
जरूरी काम से आया हूं प्रयागराज : मकान मालिक
भवन स्वामी ने फोन पर बताया कि वह एक जरूरी काम से प्रयागराज आए हुए हैं। वह बुधवार को बीसलपुर लौट आएंगे। इस हादसे में मृतक उनका करीबी रिश्तेदार था। उनकी मौत पर काफी दुखी हूं l
-
तहसीलदार को सौंपी जांच
मामले की जांच तहसीलदार हबीब उर रहमान को सौंपी है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मृतक के परिजनों को बीमा योजना के तहत लाभ दिलवाया जाएगा।
- नागेंद्र पांडेय एसडीएम