नेशनल हाइवे 730 पर क्षतिग्रस्त हरदोई ब्रांच नहर पुल से आवागमन बंद होने पर विभिन्न मार्गों से आवागमन के लिए वाहनों की संख्या में इजाफा हुआ है। सड़कें संकरी और तीव्र मोड़ होने को लेकर विभिन्न मार्गों पर अब जाम के झाम से लोगों को जूझना पड़ रहा है। पीलीभीत पहुंचने की पचास मिनट की दूरी करीब दो घंटे में पूरी हो पा रही है।
हरदोई ब्रांच नहर पुल से वाहनों का आवागमन बंद होने पर सकरिया, शाहगढ़, कलीनगर रोड होते हुए पूरनपुर, आसाम हाइवे पर एक धार्मिक स्थल से माधौपुर पुल और हरदोई ब्रांच नहर पुल के समीप से दो किलोमीटर दक्षिण दिशा में दूसरे पुल से वाहनों का आवागमन हो रहा है। उक्त सड़कें संकरी होने और आमने-सामने भारी वाहनों के पास होने, जगह-जगह तीव्र मोड़ से मार्गों पर जाम लग रहा है। इसके अलावा सड़कें ठीक न होने से पीलीभीत पहुंचने की करीब पचास मिनट की दूरी दो घंटे में पूरी हो रही है। इससे आवागमन करने वालों को भारी असुविधा हो रही है।
शाहगढ़। धन्ना साहब गुरुद्वारा के समीप से होते हुए माधौपुर पुल होते हुए वाहनों के पास होने पर तीव्र मोड़ पर एक ट्रक फंसने से करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इसके अलावा सकरिया-शाहगढ़ मार्ग पर भी वाहनों का आवागमन बढ़ने से जाम की स्थिति बन रही है। इसको लेकर लोगों में रोष है।
नहर को बंद कराकर पुल नीचे से तो क्षतिग्रस्त नहीं हुआ इसकी जांच कराई गई है। जांच में नीचे से पुल सही पाया गया है। पुल की रेलिंग और पुल के दोनों छोर पर कुछ काम होना है। एक दिशा की रेलिंग का निर्माण शुरू करा दिया गया है। शीघ्र ही पुल की मरम्मत कर आवागमन को खुलवा दिया जाएगा।
- प्रवीन बांगड़ी, अधिशासी अभियंता एनएच