बरखेड़ा सीएचसी में बिजली न होने से हाथ पंखा चलाकर गर्मी से राहत का प्रयास करती तीमारदार संवाद
बरखेड़ा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। बिजली लाइन की केबल में फाॅल्ट से मंगलवार को भी करीब 12 घंटे अस्पताल की बिजली गुल रही। जेनरेटर न चलने से वार्ड में भर्ती मरीजों का गर्मी से हाल-बेहाल रहा। तीमारदार हाथ पंखा से काम चलाते दिखे। बच्चों के विशेष एनबीएसयू वार्ड में अंधेरा रहा। बरखेड़ा सीएचसी की बिजली लाइन में फाॅल्ट सोमवार की रात करीब दो बजे हुआ था। बताया जा रहा है केबल जलने से बिजली गुल हो गई। इमरजेंसी और कुछ स्थानों पर इन्वर्टर के सहारे प्रकाश की व्यवस्था रही। वार्ड में लगे पंखे बंद हो गए। कुछ कक्ष में भी अंधेरा पसरा रहा।
गांव मुड़िया हुलास की प्रसूता लक्ष्मी देवी ने बताया कि रात करीब दो बजे बिजली गई थी। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आपूर्ति बहाल हुई है। अन्य मरीजों ने भी बिजली न होने से दिक्कतों की बात कही। वार्ड में भर्ती महिलाओं के तीमारदार हाथ से पंखा झलकर मरीज और खुद को गर्मी से राहत देने का प्रयास करते नजर आए। जांच के लिए जब टीम पहुंची। उस समय भी अस्पताल में बिजली नहीं थी। संवाद