पीलीभीत। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 30 नवंबर को शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में कक्षा नौ से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।
डीआईओएस विजय सिंह के अनुसार आयोजन सुबह 9:30 बजे से होगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के प्रायोजन में जिला विज्ञान क्लब की ओर से जिलाधिकारी के निर्देशन में प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें जनपद के प्रत्येक विद्यालय से कम से कम एक मॉडल शामिल होना अनिवार्य है। एक मॉडल पर अधिकतम दो विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को पांच हजार, द्वितीय को तीन हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दो विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। जनपद स्तर पर चयनित 15 मॉडल मंडल स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होंगे। मंडल स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ मॉडल को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक चंद्रपाल गंगवार ने दी।