बिलसंडा। पालतू कुत्ते के लिए हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षाें के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव कनपरी निवासी महिपाल ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उनके पड़ोस के रहने वाले रामासरे का पालतू कुत्ता उनके पुत्र मुनीश कुमार की चप्पल उठाकर ले गया था। इस पर उनकी पत्नी चप्पल लेने के लिए गई थी। आरोप है कि इसको लेकर मुकेश, रविंद, राजपाल, रामआसरे, संतोष कुमार उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगे। शोर शराबा सुनकर वह, उनके चाचा भगवानदास व पुत्र विपिन कुमार मौके पर पहुंचे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। एक अन्य चाचा टोडीलाल बीच बचाव करने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा।
दूसरे पक्ष के रामासरे ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर के सामने बैठा था। उसी समय उसके भाई मुकेश का मोजा कोई कुत्ता उठा ले गया था। गुस्से में भाई कुत्ते को लेकर गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान पड़ोसी भगवानदास, रवि, महिपाल, तेजराम वहां आ गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों व लाठी-डंडों से मारा पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इससे वह व भाई राजपाल, रविंद, मुकेश व बहन ममता घायल हो गए। थाना प्रभारी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि मामले में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई पर अमल किया जा रहा है।