पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर पलटी गैस सिलिंडर भरी डीसीएम। स्रोत : जागरूक पाठक।
- फोटो : Archive
पीलीभीत। रसोई गैस सिलिंडर लेकर जा रही डीसीएम पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर सामने से आई कार से टकराकर हाईवे पर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, डीसीएम पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार को पूरनपुर से पीलीभीत की ओर आ रही खाली सिलिंडर भरी डीसीएम गजरौला क्षेत्र के गांव पिपरिया नवदिया में ईंट-भट्ठे के सामने विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर होने के बाद संतुलन बिगड़ते ही डीसीएम हाईवे पर पलट गई। इससे कार में सवार गजरौला थाना क्षेत्र के लालपुर निवासी चालक अभिनव व थाना क्षेत्र के ही गांव नदहा निवासी अमन गंभीर घायल हो गए। हाईवे पर डीसीएम पलटने से दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम खुलवाकर हादसे में घायल दोनों युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। संवाद