पीलीभीत जिले में शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस की ओर से कड़े इंतजाम किए गए हैं। नमाज को लेकर शहर के अलावा देहात क्षेत्रों में भी पुलिस अलर्ट रहेगी। इसके लिए थाना पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है। अफसर भी क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे।
रमजान के आखिरी जुमा को लेकर शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। ऐसे में शहर की जामा मजिस्द के अलावा जिलेभर में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने जाएंगे। जिले में 399 मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। इसमें शहर में कोतवाली और सुनगढ़ी क्षेत्र में 50 से अधिक स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
इसके अलावा बीसलपुर, पूरनपुर, अमरिया, बरखेड़ा, जहानाबाद, माधोटांडा, बिलसंडा, न्यूरिया आदि क्षेत्रों में भी अलविदा की नमाज होगी। नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। शहर में 55 प्वांइट बनाकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
संवेदनशील श्रेणी में शामिल पांच स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स लगाकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। कोतवाली में तीन इंस्पेक्टर समेत करीब 21 सिपाही रिजर्व में रखे गए हैं। सीओ, थाना प्रभारी के अलावा चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि अलविदा को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी।