कलीनगर/पीलीभीत। कलीनगर के ग्राम दयालपुर में बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी नौ वर्षीय प्रिंस पुत्र हंसराम की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। प्रिंस गांव के बाहर बह रही सैलाबी धार की पुलिया के पास अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। उधर, दियोरिया कोतवाली के गांव जगतपुर निवासी युवक संजीव माला नदी के बाढ़ के पानी में बह गया। गोताखोर तलाश में जुटे हैं।
पिछले कई दिनों से लगातार हुई बारिश के बाद दयालपुर गांव के बाहर खेतों में पानी भर गया है। इससे पुलिया भी उफना गई। ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार को प्रिंस गांव के बाहर बह रही सैलाबी धार की पुलिया के पास अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पुलिया से नीचे पानी में गिर गया। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, इसके बाद उसका शव पानी से बाहर निकाला गया। माधोटांडा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल ने चौकी जमुनिया इंचार्ज चंद्रपाल सिंह को मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
बाढ़ के पानी में डूबा युवक, तलाश जारी
बरखेड़ा/दियोर। माला नदी में भैंस नहलाने गया दियोरिया कोतवाली के गांव जगतपुर(रामनगर) निवासी संजीव पुत्र भगवानदास बाढ़ के पानी में डूब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव की वजह से बचाया नहीं जा सका। युवक के डूबने की सूचना पर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई है। गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। करीब एक घंटे से तलाश जारी है। युवक का अभी पता नहीं चला है। परिजनों में कोहराम मचा है। संवाद