पीलीभीत। जिले के परीक्षार्थियों की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) मेरठ में होनी है। इसके साथ ही बरेली में महिला परीक्षार्थियों की परीक्षा है। इसको लेकर रोडवेज डिपो के अफसरों ने तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षार्थियों को राहत देने के लिए अफसरों ने दिल्ली जाने वाली 20 बसों को मेरठ से रवाना करने का निर्णय लिया है। ताकि परीक्षार्थियों को परेशानी न हो।
जिले से 117 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों पर किया जा रहा है। इनमें सबसे अधिक बसों का संचालन दिल्ली मार्ग पर किया जा रहा है। शनिवार और रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा होनी है, ऐसे में जिले के अधिकांश पुरुष परीक्षार्थियों का सेंटर मेरठ रखा गया है। वहीं महिला परीक्षार्थियों का सेंटर बरेली और उसके आसपास रखा गया है। मेरठ जाने के लिए स्थानीय डिपो से सीधा बस का संचालन नहीं हो रहा है। रोडवेज डिपो के अफसरों ने इसको लेकर खाका तैयार किया है, जिससे यहां परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। दिल्ली मार्ग पर रीब 50 से 60 बसों का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली मार्ग पर चलने वाली बीस बसों को मेरठ होते हुए दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। इससे यहां परीक्षा देने जाने वाले परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी। वहीं बरेली मार्ग पर भी परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए यहां पर संचालन किया जाएगा। एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि दिल्ली जाने वाली 20 बसों को मेरठ होते हुए रवाना किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर अन्य बसों को भी डायवर्ट किया जाएगा।